कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के चलते एक व्यक्ति की पिटाई का मामला सामने आया है। पिटाई के बाद घायल व्यक्ति का इलाज न होने पर उसके परिजनों ने रामगढ़-सहूका मोड़ जाम कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर घायल को बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा। यह घटना सहूका गांव की है, जहां शंभू यादव पर बुद्धू पासी उर्फ बुधन पासी को पीटने का आरोप है। परिजनों के अनुसार, शंभू यादव ने बुधन पासी को इसलिए पीटा क्योंकि उन्होंने ‘हाथी छाप’ के बजाय ‘लालटेन छाप’ पर वोट देने की बात कही थी।

 

‘लालटेन’ को वोट देने की बात कहने पर पीटा बुद्धू पासी की पत्नी सुरभि देवी ने बताया कि उनके पति शौच के लिए बाहर गए थे, तभी शंभू यादव ने उन्हें रोककर वोट के बारे में पूछा। ‘लालटेन’ को वोट देने की बात कहने पर शंभू यादव उन्हें घर में ले गए और लाठी-डंडों से पीटा, जिससे वे बेहोश हो गए। परिजन उन्हें इलाज के लिए बनारस ले गए थे, लेकिन वहां के डॉक्टरों ने आगे इलाज से मना कर दिया।

 

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी रामगढ़ थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि बुधन पासी ने दो दिन पहले शंभू यादव के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाते हुए आवेदन दिया था। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। थानाध्यक्ष ने यह भी बताया कि घायल की तबीयत गंभीर होने के कारण परिजन इलाज की मांग को लेकर सड़क पर आए थे, जिन्हें समझाकर पीएमसीएच भेजा गया है।