पुलिस मुख्यालय का शख्त निर्देश :वर्दी में रील बनाना अब भारी पड़ेगा ,पुलिस मुख्यालय ने फिर दिखाई सख्ती, अनुशासनहीनता पर होगी सख्त कार्रवाई

दस्तक 7मीडिया ,संजय कुमार राय 

पुलिस विभाग की छवि और अनुशासन पर बढ़ते खतरे को देखते हुए, पुलिस मुख्यालय ने एक बार फिर वर्दीधारी जवानों को सोशल मीडिया पर रील या वीडियो पोस्ट करने से सख्ती से मना किया है। हाल के दिनों में प्रशिक्षु और नए बहाल सिपाहियों के बीच रील और वीडियो बनाने का ट्रेंड तेज़ी से बढ़ा है, जिसे लेकर मुख्यालय ने गंभीर रुख अपनाया है।

मुख्यालय का स्पष्ट कहना है कि वर्दी में रहते हुए किसी भी तरह की रील, वीडियो या फोटो बनाकर उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर पोस्ट करना सीधे तौर पर अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। इसे विभागीय गरिमा और पुलिस सेवा की शपथ का उल्लंघन माना जाएगा।

आदेश में कहा गया है कि “पुलिस वर्दी में रहते हुए किसी भी प्रकार की रील या वीडियो बनाना, सरकारी वाहन, सरकारी हथियार, थाना परिसर या पुलिस टीम के साथ सोशल मीडिया पर फोटो या वीडियो साझा करना शर्मनाक व्यवहार है।”

मुख्यालय ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में वायरल हो रहे ऐसे कंटेंट की तत्काल मॉनिटरिंग करें और दोषी पुलिसकर्मियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही और जवाब-तलब सुनिश्चित करें।

सूत्रों के अनुसार, बीते कुछ महीनों में कई जिलों से सिपाहियों के वर्दी में रील बनाकर इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर वायरल करने के मामले सामने आए हैं। मुख्यालय ने ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि यह न केवल पुलिस की साख को नुकसान पहुँचाता है, बल्कि जनता के बीच गलत संदेश भी देता है।

पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने पूछने पर कहा कि “हमारी वर्दी अनुशासन, सेवा और जिम्मेदारी का प्रतीक है। इसका इस्तेमाल मनोरंजन या सोशल मीडिया प्रसिद्धि के लिए करना न केवल अनुचित है, बल्कि विभागीय अपराध भी है।”

इस आदेश के बाद अब स्पष्ट है कि जो भी पुलिसकर्मी या दारोगा आदेश का उल्लंघन करेगा, उसे कड़ी सजा और अनुशासनात्मक कार्रवाई झेलनी पड़ेगी।