आगामी 6 नवंबर को होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण में सीवान की 8 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। निष्पक्ष,शांतिपूर्ण और पारदर्शी मतदान प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है।

प्रशासनिक तैयारियों के तहत सभी प्रमुख मार्गों,बॉर्डर इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर 24×7 वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

बड़ी राशि,उपहार या अवैध शराब पर पुलिस की नजर

इस अभियान में दंडाधिकारी के साथ-साथ पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती की गई है, जो आने-जाने वाले हर वाहन की गहन जांच कर रहे हैं। जांच के दौरान यह देखा जा रहा है कि कोई व्यक्ति बड़ी राशि, उपहार या अवैध शराब आदि तो नहीं ले जा रहा।

चेकपोस्ट पर जांच करते पैरामिलिट्री के जवान।
इसके साथ ही प्रशासन ने सभी चेकपोस्टों पर निगरानी बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग भी शुरू कर दिया है।

हर चेकपोस्ट पर लगे सीसीटीवी कैमरे,हो रही लाइव मॉनिटरिंग

जिले में कुल 32 चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं, जिनके संचालन की जिम्मेदारी संबंधित मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों को सौंपी गई है। प्रत्येक चेकपोस्ट पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी लाइव मॉनिटरिंग सिवान जिला मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम से की जा रही है।

कंट्रोल रूम में लगातार अधिकारियों की टीम तैनात है, जो किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है। बुधवार को दैनिक भास्कर संवाददाता ने कई चेकपोस्टों का जायजा लिया। इस दौरान नोडल पदाधिकारी सह राज्य कर संयुक्त आयुक्त राजीव कुमार झा ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार जिले में सुरक्षा व्यवस्था को सख्त किया गया है।

उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर अवैध गतिविधि या चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राजीव कुमार झा ने आगे बताया कि चेकपोस्टों पर कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।

चेकपोस्ट पर वाहन के कागज देखते अधिकारी।
यदि कहीं लापरवाही पाई गई तो संबंधित कर्मियों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनता से अपील की कि वे चुनाव को निष्पक्ष बनाने में प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें।सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ जिला प्रशासन मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए भी लगातार अभियान चला रहा है, ताकि 6 नवम्बर को सिवान जिले में अधिकतम मतदान प्रतिशत दर्ज किया जा सके।