गायघाट में विपक्ष पर बरसे CM नीतीश, कहा- ‘पिछली सरकार के शासनकाल में शाम होते ही घर में बंद हो जाते थे लोग’

दस्तक 7मीडिया ,दीपक कुमार। गायघाट

बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग दो चरणों में 6 नवंबर और 11 नवंबर को होंगे. उससे पहले सभी पार्टियां चुनाव-प्रचार में जुटी हुई है. इसी बीच गायघाट में सीएम नीतीश ने पिछली सरकार पर जमकर हमला बोला.

बिहार में विधानसभा चुनाव होने वाला है, जिसे लेकर पार्टियां लगातार चुनाव-प्रचार करने में जुटी हुई है. इसी बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मुजफ्फरपुर के गायघाट विधानसभा क्षेत्र पहुंचे. इस दौरान उन्होंने चुनावी सभा को संबोधित किया. साथ ही पिछली सरकार पर निशाना साधा और अपने कार्यकाल में किए गए कामों को गिनाया.

पिछली सरकार पर जमकर बोला हमला

आज (28 अक्टूबर) मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गायघाट के बेरुआ में जदयू प्रत्याशी कोमल सिंह के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए पिछली सरकार पर जमकर हमला बोला उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के शासनकाल में अपराध हुआ करता था और लोग शाम होते ही घर में बंद हो जाते थे, लेकिन जब उनकी सरकार आई तो कानून का राज आया और बिहार में विकास की रफ्तार बढ़ी.

विकास में केंद्र सरकार का योगदान

उन्होंने कहा कि जिस तरीके से बिहार की महिलाओं को रोजगार और उनका अधिकार दिया गया, उसी तरह बिहार के युवाओं को भी नौकरी दी गई और कई तरह के रोजगार से जोड़ा गया. पहले वाली सरकार में सड़क बदहाल थी, अस्पताल की व्यवस्था खराब थी, लेकिन उनकी सरकार आई तो सब कुछ ठीक कर दिया गया. इसलिए फिर से एक बार विकास की सरकार को लाना है. उन्होंने कहा कि बिहार के विकास में केंद्र सरकार का भी बहुत योगदान मिल रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार बिहार आ रहे हैं और लोगों की बात को सुनकर बिहार की विकास के बारे में सोचने लगते हैं और करते भी हैं.