दरभंगा में युवक की गोली मारकर हत्या, पुरानी रंजिश और पूजा विवाद से जुड़ा मामला,
सदर थाना क्षेत्र के पीपर पेड़ चौक की घटना, तीन गोलियां लगने से संतोष यादव की मौत

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

दरभंगा के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत पीपर पेड़ चौक पर सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान नवटोलिया गांव निवासी संतोष यादव के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि संतोष को उसके ही कुछ दोस्तों ने बुलाया था। बातचीत के दौरान मामूली कहासुनी झड़प में बदल गई। साइड हटकर खड़े होने की बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने संतोष पर तीन गोलियां दाग दीं ,जो कमर, कंधे और हाथ में लगीं।

घटना के बाद घायल संतोष को स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह हत्या पुरानी दुश्मनी और सरस्वती पूजा के दौरान हुए विवाद का नतीजा मानी जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

सदर थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में रंजिश का मामला सामने आया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।