छठ घाटों का निरीक्षण कर प्रशासन हुआ सक्रिय, जिला पदाधिकारी व एसएसपी ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। आज जिला पदाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक  अवकाश कुमार ने संयुक्त रूप से दरभंगा नगर क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों, जिनमें हराही पोखर, डिफेंस कॉलोनी, बेला मोड़, खजौली रोड सहित अन्य प्रमुख घाट शामिल हैं, का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दोनों वरीय अधिकारियों ने घाटों की सफाई व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, जल स्तर और पहुंच मार्गों का बारीकी से जायजा लिया। इस मौके पर उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं नगर निगम कर्मियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिला पदाधिकारी  ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था का प्रतीक है और इसके सफल आयोजन में प्रशासन की जिम्मेदारी सर्वोपरि है। उन्होंने घाटों के आसपास स्वच्छता, पर्याप्त रोशनी और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करायी जाय।

वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में विशेष गश्ती दल तैनात रखने, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन एवं ड्रोन से निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस की टीम चौकस रहेगी ताकि पर्व के दौरान कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

सूत्रों के अनुसार, सभी थानाध्यक्षों ने अपने-अपने इलाकों में गश्ती व्यवस्था को सुदृढ़ कर दिया है और संवेदनशील घाटों पर पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की जा रही है।

प्रशासनिक तत्परता और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए श्रद्धालुओं में संतोष और उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।