लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ शनिवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो रहा है। इसे लेकर किशनगंज जिले में तैयारियां जोरों पर हैं। छठ घाटों पर रंग-रोगन, साफ-सफाई और पंडाल निर्माण का कार्य जारी है।

इसी क्रम में शुक्रवार को नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान ने शहर के रूईधासा स्थित राम जानकी छठ घाट समेत अन्य छठ घाटों का जायजा लिया। उन्होंने पूजा समितियों और मौके पर मौजूद नगर परिषद कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

हर सुविधाओं का रखा जा रहा ख्याल

इंद्रदेव पासवान ने कहा कि लोक आस्था के इस महापर्व पर छठ व्रतियों को कोई असुविधा न हो, इसके लिए नगर परिषद प्रतिबद्ध है। उन्होंने छठ घाटों पर पर्याप्त साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम बनाने के निर्देश दिए।

अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान ने चूड़ीपट्टी स्थित गांधी घाट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था का अवलोकन कर जरूरी निर्देश दिए। इस दौरान वार्ड पार्षद प्रतिनिधि हरिराम अग्रवाल, फैसल अहमद, जय नारायण यादव, विक्की समेत अन्य लोग उपस्थित थे।

वहीं, जिले के पौआखाली नगर स्थित प्रसिद्ध पवना छठ घाट पर भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। यहां सुधीर यादव, घनश्याम गुप्ता, पवन पाठक, सचिन साह, राजा साह, बजरंगी ठाकुर, पुष्कर साह और अभिषेक ठाकुर सहित कई युवक साफ-सफाई और सजावट के कार्यों में सक्रिय रूप से जुटे हैं।