विधानसभा चुनाव को लेकर दरभंगा में वरीय पुलिस अधीक्षक व जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण,

दिल्ली मोड़ स्थित SST चेक पोस्ट पर की गई सघन वाहन जांच, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज दरभंगा जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया।
इसी क्रम में जिलाधिकारी दरभंगा एवं वरीय पुलिस अधीक्षक  ने संयुक्त रूप से यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र के अंतर्गत बने SST (Static Surveillance Team) चेक पोस्ट, दिल्ली मोड़ का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने चेक पोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों से चुनाव के दौरान की जा रही वाहन जांच, रजिस्टर संधारण तथा अन्य सुरक्षा उपायों की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी संदिग्ध वाहन या व्यक्ति पर विशेष नजर रखी जाए तथा अवैध नकद, शराब या चुनावी सामग्री की आवाजाही पर सख्त निगरानी रखी जाए।

जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने चेकिंग टीम को यह भी निर्देश दिया कि प्रत्येक जांच की सही एंट्री रजिस्टर में दर्ज की जाए और किसी भी प्रकार की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

दोनों अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कर्मियों से कहा कि चुनाव आचार संहिता का पूर्ण पालन कराया जाए और आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए।

औचक निरीक्षण के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने कई वाहनों की जांच की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि दरभंगा जिले में चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न हो।