शत-प्रतिशत मतदान के लिए जीविका दीदियों का गाँव-गाँव ‘वोट का न्योता’ अभियान

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

विधान सभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को पूरा करने के उद्देश्य से जीविका दीदियों ने गांव-गांव में मतदाता जागरूकता का सशक्त आंदोलन छेड़ दिया है। वे न केवल सभाओं, बैठकों, और रंगोली कार्यक्रमों के माध्यम से अलख जगा रही हैं, बल्कि 6 नवंबर को बूथ पर जाकर वोट डालने का घर-घर जाकर न्योता भी दे रही हैं।


इसी कड़ी में, मध्य विद्यालय उछटी परिसर में संध्या, कमल, एवं राजा जीविका महिला ग्राम संगठन के संयुक्त तत्वाधान में एक विशाल ‘मतदाता चेतना जन जागरण सभा’ का आयोजन किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए प्रखंड परियोजना प्रबंधक आमोद कुमार शर्मा ने मतदान के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “छठ व्रत के भाँति ही 06 नवंबर को होने वाला मतदान, लोकतंत्र का महापर्व है, जिसे प्रत्येक मतदाता मतदान के माध्यम से संपन्न करता है।”
उन्होंने मतदाताओं को देश का मालिक बताते हुए कहा कि वे ही मतदान के जरिए पाँच वर्षों के लिए सरकार चुनते हैं। इसलिए, “एक-एक वोट का बहुत बड़ा महत्व है और मतदाता की अहम भूमिका है।”
श्री शर्मा ने जीविका दीदियों से अपील की कि वे पहला मतदान करके एक उदाहरण प्रस्तुत करें और सुनिश्चित करें कि कोई भी मतदाता मतदान से वंचित न रहे। उन्होंने सामुदायिक प्रेरकों को निर्देश दिया कि वे उन मतदाताओं को चिह्नित करें जो घर पर रहकर भी वोट डालने नहीं जाते हैं, और उन्हें मतदान के महत्व को समझाकर वोट करने के लिए प्रेरित करें।
प्रवासी मतदाताओं से अपील: ‘पहले वोट, फिर बाहर’
क्षेत्रीय समन्वयक इंद्रजीत कुमार ने सभा में उपस्थित लोगों का उत्साह बढ़ाते हुए प्रवासी मतदाताओं पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि छठ व्रत के लिए घर आए प्रवासी मतदाता से यह आग्रह किया जाए कि वे वोट करने के बाद ही बाहर जाएँ।
उन्होंने स्पष्ट किया, “एक वोट से अच्छी सरकार बनती है और बिगड़ती है। इसलिए मतदान कर हर एक मतदाता अपना कर्तव्य निभाए।”
संध्या जीविका महिला ग्राम संगठन की अध्यक्ष बिभा देवी के नेतृत्व में आयोजित इस मतदाता चेतना जन जागरण सभा का शुभारंभ जोरदार नारों की गूँज के साथ हुआ।
“सारा काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो।”
“जन जन को संदेश दो, 06 तारीख को वोट दो।”
“पहले मतदान, फिर जलपान।”
“एक वोट राज्य के नाम।”
इस महत्वपूर्ण सभा में रूबी देवी, गीता देवी, शोभा देवी, रंजु देवी, पिंकी देवी, कविता देवी, बबिता देवी, आरती देवी, मनिशा खातून, माला देवी, अंजू देवी, सीमा देवी, आशा देवी, लक्षमी देवी, लालदाय देवी, सहेना खातून समेत बड़ी संख्या में जीविका दीदियाँ मौजूद रहीं और उन्होंने शत-प्रतिशत मतदान के संकल्प को दोहराया।