भदोही। गोवर्धन पूजा के पावन पर्व पर भदोही जनपद के डीघ ब्लॉक अंतर्गत पौराणिक एवं ऐतिहासिक स्थली सीतामढ़ी में श्रद्धा और भक्ति का अनोखा संगम देखने को मिला। मऊगंज, मध्य प्रदेश की प्रसिद्ध भजन गायिका राखी द्विवेदी अपने संपूर्ण परिवार के साथ मां वैदेही के दर्शन हेतु सीतामढ़ी पहुंचीं।

उनके आगमन पर स्थानीय लोगों और राजनीतिक हस्तियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।मशहूर गायिका को देखकर ग्रामीणों में हर्ष और उत्साह की लहर दौड़ गई। भदोही जनपद के डीघ ब्लॉक के कार्यवाहक प्रमुख मनोज मिश्रा ने राखी द्विवेदी को पुष्प गुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन राधेश्याम पांडे ने किया।

इस अवसर पर मनोज मिश्रा, जिला द्विवेदी, राम कैलाश तिवारी, राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित कवि कृष्ण अवतार राही, अभिषेक पांडे, बिधान चंद्र दुबे, बाबा राम तिवारी, रवींद्र कुमार मिश्रा, विपिन तिवारी, बंसी मोहन दुबे, सुनील दुबे, पवन तिवारी, अनुज शुक्ला, रामकृष्ण मिश्रा, विपिन शुक्ला, टिंकू शुक्ला, अरुण तिवारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान राखी द्विवेदी ने अपने मधुर स्वर में भजन संकीर्तन प्रस्तुत कर पूरे परिसर को भक्तिमय कर दिया। उनके भजनों की स्वर लहरियों से वातावरण में भक्ति और उल्लास का समावेश हो गया। उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर होकर भजनों में डूब गए। सीता समाहित स्थल पर हुआ यह भव्य आयोजन गोवर्धन पूजा की पवित्रता के साथ सांस्कृतिक एकता का भी सुंदर उदाहरण बन गया।