समस्तीपुर जिला के मथुरापुर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गुप्त सूचना पर एक मोटरसाइकिल के साथ दो गिरफ्तार, 60 लीटर कच्चा स्पिरिट बरामद ,वहीं दूसरी ओर बिक्री करते अंग्रेजी शराब के साथ एक गिरफ्तार।

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

समस्तीपुर जिला के मथुरापुर पुलिस की बड़ी कारवाई लगातार चल रही हे ,इसी क्रम में मथुरापुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर वाहन जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों के पास से पुलिस ने 60 लीटर कच्चा स्पिरिट तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

थानाध्यक्ष राहुल कुमार  ने बताया कि वाहन जांच के क्रम में राजकुमार पंडित, पिता स्वर्गीय श्रवण पंडित, निवासी चक्ज़ादो, थाना  बालीगाँव, जिला वैशाली, तथा विकास कुमार, पिता यशवंत सिंह, निवासी आधारपुर, थाना  कर्पूरीग्राम, जिला समस्तीपुर को संदेह के आधार पर रोका गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 60 लीटर कच्चा स्पिरिट बरामद हुआ, जिसे वे अवैध रूप से परिवहन कर रहे थे।

 

पुलिस ने मौके से स्पिरिट और मोटरसाइकिल को जब्त कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी मिल सके।

थानाध्यक्ष राहुल ने बताया कि इस संबंध में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है और उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

वहीं दूसरी ओर थाना क्षेत्र के हंसा गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अंग्रेजी शराब की बिक्री करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के अनुसार 20 अक्टूबर की संध्या को गश्ती के दौरान पदाधिकारी को सूचना मिली कि हंसा गांव निवासी सुनील महतो पिता लखन महतो द्वारा अवैध रूप से अंग्रेजी शराब बेची जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद अपर थानाध्यक्ष प्रीति कुमारी, एसआई राजू कुमार, पीटीसीसी रहमत खां, महिला बटालियन एवं थाने की पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान सुनील महतो के घर से कुल 9 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई। मौके पर पुलिस ने शराब को जब्त करते हुए आरोपी सुनील महतो को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि अवैध शराब कारोबार में लिप्त आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।