हत्या के आरोपी को पकड़ने के लिए महाराष्ट्र क्राइम ब्रांच और वाकोला पुलिस की टीम पहुंची गांव, आरोपी पिता ने बेटी की हत्या कर पत्नी पर किया था जानलेवा हमला

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

मुंबई के वाकोला थाना क्षेत्र में अपनी बेटी की निर्मम हत्या और पत्नी पर जानलेवा हमला कर फरार हुए आरोपी मो.सुलेमान को गिरफ्तार करने के लिए महाराष्ट्र क्राइम ब्रांच और वाकोला थाना पुलिस की संयुक्त टीम बिहार के घनश्यामपुर पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी को उसके गांव आसी से गिरफ्तार कर लिया गया और न्यायिक प्रक्रिया पूरी कर उसे मुंबई ले जाया गया।


जानकारी के अनुसार, घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के इसी गांव के रहने वाले मो. सुलेमान (लगभग 45 वर्ष) पिछले करीब 20 वर्षों से मुंबई के वाकोला थाना क्षेत्र में रहकर मेहनत-मजदूरी करता था। वह मुंबई में अपने परिवार के साथ रह रहा था।
बताया जा रहा है कि हाल ही में किसी गंभीर बात को लेकर सुलेमान और उसकी बेटी के बीच गहरा विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर सुलेमान ने अपनी पुत्री की हत्या कर दी। इस दौरान बीच-बचाव करने आई उसकी पत्नी पर भी उसने जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद, मो. सुलेमान मुंबई से भागकर अपने पैतृक गांव आ गया। उधर, घायल पत्नी ने पति के विरुद्ध वाकोला थाने में एफआईआर दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए, महाराष्ट्र क्राइम ब्रांच और वाकोला थाना पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर हत्या के आरोपी मो. सुलेमान की तलाश शुरू की। जैसे ही आरोपी का लोकेशन घनश्यामपुर में मिला, महाराष्ट्र पुलिस की दोनों टीमें त्वरित कार्रवाई करते हुए यहां पहुंचीं।
स्थानीय घनश्यामपुर थाना पुलिस के सहयोग से, मो. सुलेमान को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया गया।
घनश्यामपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि हत्या के आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद महाराष्ट्र पुलिस अपने साथ मुंबई ले गई है, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।