बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र बिरौल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 14 दिनों में 52 से अधिक वांछित गिरफ्तार,सौ से ज्यादा रिकॉल हुए समर्पित

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

बिहार विधानसभा आम चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र में अपराधियों और लंबित मामलों में फ़रार चल रहे अभियुक्तों पर पुलिस का शिकंजा कस गया है। थानाध्यक्ष चन्द्र मणि के नेतृत्व में बिरौल पुलिस ने एक ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, पिछले मात्र 14 दिनों में विभिन्न मामलों में वांछित 52 से अधिक अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस के सूत्रों का कहना है कि इतने कम समय में इतनी बड़ी संख्या में गिरफ्तारी पहले कभी नहीं हुई थी।
पुलिस की इस आक्रामक कार्रवाई ने फरार अपराधियों और वांछितों के बीच जबरदस्त खौफ पैदा कर दिया है। गिरफ्तार होने के डर से अब बड़ी संख्या में अभियुक्तों ने स्वयं ही आत्मसमर्पण और जमानत का रास्ता अपनाना शुरू कर दिया है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष चन्द्र मणि ने बताया कि पुलिस की लगातार दबिश के कारण अब तक भाजपा नेता राजीव ठाकुर समेत लगभग 150 लोगों ने अधिवक्ता के माध्यम से न्यायालय से जमानत करवा कर इसकी सूचना (रिकॉल) थाना में समर्पित कर दी है। थानाध्यक्ष ने आगे कहा कि इस कार्रवाई से न केवल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है, बल्कि थाना में लंबित पड़े कांडों के निष्पादन में भी तेजी आई है। थानाध्यक्ष चन्द्र मणि बताया कि अपराधियों की धर-पकड़ का यह विशेष छापामारी अभियान आगे भी जारी रहेगा। अनुसंधानकर्ताओं के पास फ़रार चल रहे अभियुक्तों की पूरी सूची उपलब्ध है, और पुलिस जल्द ही बाकी बचे वांछितों को भी गिरफ्तार करेगी। बिरौल पुलिस की यह कार्रवाई आगामी चुनावों को देखते हुए विधि-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक बड़ी और महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।