मोरों थाना क्षेत्र में  दिवाली की रात पुलिस दल पर जानलेवा हमला,  हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल,दों अभियुक्तों को छुड़ाकर ले गये ग्रामीण 

दस्तक 7मीडिया /हनुमाननगर

दिवाली की रात मोरो थाना क्षेत्र में पुलिस गश्ती दल पर भीड़ द्वारा जानलेवा हमला किए जाने की बड़ी वारदात सामने आई है। हमलावरों ने पुलिस वाहन को घेरकर शराब के साथ पकड़े गए दो अभियुक्तों को छुड़ा लिया। भीड़ के आक्रामक तेवर देख पुलिसकर्मियों को किसी तरह जान बचाकर भागना पड़ा।

घटना सोमवार की शाम मोरो थाना क्षेत्र के गोबरसिठ्ठा चौक के पास घटी। गश्ती दल में शामिल पुलिस उप निरीक्षक रामाशंकर सिंह यादव, सशस्त्र बल के जवान अरुण कुमार पांडेय (BHG-300707) एवं रामनाथ पांडेय (BHG-300717) के साथ गश्ती पर निकले थे। लगभग 7:30 बजे पुलिस ने एक हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल (BR33AG-8491) पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोका।

तलाशी में मोटरसाइकिल की डिक्की से इम्पीरियल ब्लू ब्रांड की 375 एमएल विदेशी शराब की बोतल बरामद हुई। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम रौशन सहनी ,25 वर्ष, पिता मिथलेश सहनी, निवासी गोबरसिठ्ठा और सजन कुमार 27 वर्ष, पिता मदन राय, निवासी गोपालपुर, थाना मोरो बताया।

शराब के साथ रंगेहाथ पकड़े जाने के दौरान ही रौशन सहनी के परिजन और स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुटकर हंगामा करने लगे। देखते ही देखते करीब 80 से 100 लोगों की भीड़ ने पुलिस वाहन को घेर लिया और लाठी-डंडा व ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। भीड़ ने पुलिस वाहन को जलाने का भी प्रयास किया और मौके से दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों को छुड़ा लिया।

हमले में पुअनि रामाशंकर सिंह यादव, सशस्त्र बल के एक जवान एवं डायल-112 के चालक संजीत कुमार राय घायल हो गए। पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ। पुलिस ने किसी तरह खुद को बचाते हुए थाने पहुंचकर वरीय अधिकारियों को सूचना दी।

घटना के बाद मौके से दो मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और विदेशी शराब की एक बोतल जब्त की गई। तत्पश्चात थानाध्यक्ष दिव्य ज्योति के नेतृत्व में चौकीदार लालबाबू पासवान की पहचान पर त्वरित छापेमारी करते हुए साजन कुमार, सोनू कुमार, अजीत कुमार, राहुल कुमार, नमित कुमार, नुनु कुमार, पप्पू कुमार, राजू कुमार, मुकेश शाह, मिथलेश सहनी और गुड्डू कुमार को गिरफ्तार किया गया।

सूत्रों के अनुसार, प्राथमिकी में 17 नामजद एवं 40-50 अज्ञात लोगों को अभियुक्त बनाया गया है। वहीं, सदर अंचल पुलिस निरीक्षक स्वेता पोद्दार ने थाना पहुंचकर स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू है, और शराब बरामदगी, सरकारी कार्य में बाधा डालना तथा पुलिस पर हमला गंभीर अपराध है। सभी आरोपितों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।