पूर्णिया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महेंद्रपुर मुस्लिम टोला में मंगलवार तड़के करीब 3 बजे भीषण आग लग गई। इस घटना में मोहम्मद असलम का एक फूस का घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग में तीन दुधारू मवेशियों की मौत हो गई और घर में रखा सारा सामान भी नष्ट हो गया।
नींद में थे घरवाले, पत्नी ने सबसे पहले देखी आग की लपटें
यह घटना बिक्रमपुर पंचायत के महेंद्रपुर मुस्लिम टोला के वार्ड संख्या 6 में हुई। बताया गया कि रात के समय परिवार के सदस्य गहरी नींद में थे। तभी मोहम्मद असलम की पत्नी नुसरत खातून को आग की लपटों और शोर की आवाज सुनाई दी। जब वह बाहर निकलीं, तो देखा कि घर के फूस में आग तेजी से फैल चुकी थी।
आग से जलकर सारा सामान हुआ खाक।
ग्रामीणों ने की मदद की कोशिश, लेकिन नहीं बचा सके मवेशी
परिवार के सदस्यों ने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को बुलाया। हालांकि, जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक पूरा घर धू-धू कर जल चुका था। घर में बंधे तीनों दुधारू मवेशी भी आग की चपेट में आकर जिंदा जल गए।
दो लाख की संपत्ति स्वाहा, घर का सारा सामान जलकर खाक
अगलगी में घर का सारा सामान, जिसमें बर्तन, कपड़े, अनाज और अन्य घरेलू वस्तुएं शामिल थीं, पूरी तरह नष्ट हो गया। नुसरत खातून ने बताया कि इस घटना में करीब दो लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों ने की सहायता की मांग
घटना की सूचना मिलते ही राजस्व कर्मचारी सरवन कुमार मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन किया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आपदा राहत सहायता प्रदान करने की मांग की है। हालांकि घर में आग कैसे लगी इसके कारण की अभी तक पुष्टि नहीं हो पायी है।
