भागलपुर के कहलगांव प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय दीदार कोदवार की छात्राओं ने अपनी हेड मास्टर पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है। इन्होंने आज जिलाधिकारी को लिखित आवेदन सौंपा।
आवेदन में छात्राओं ने विद्यालय के शैक्षणिक माहौल को खराब बताया और कहा कि प्राचार्या के अनुचित आचरण के कारण वे पढ़ाई पर ध्यान नहीं दे पा रही हैं। छात्राओं की ओर से दिए गए आवेदन में लिखा गया है कि स्कूल की प्राचार्या अनुराधा कुमारी शिक्षकों और विद्यार्थियों के साथ अपमानजनक व्यवहार करती हैं।
छात्राओं का आरोप है कि हेड मास्टर अक्सर अपशब्दों का प्रयोग करती हैं और स्कूल में समय से नहीं आतीं। इतना ही नहीं, वे कक्षाओं के संचालन में लापरवाही बरतती हैं, जिससे शिक्षण काम प्रभावित हो रहा है।
स्कूल परिसर में डर का माहौल बना
आवेदन में यह भी कहा गया है कि प्राचार्या छात्रों से अनुचित भाषा में बात करती हैं और स्कूल परिसर में डर का माहौल बना हुआ है। खुश्बू कुमारी ने बताया कि कई बार उन्होंने इस व्यवहार को सहन किया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
अंत में उन्होंने सामूहिक रूप से डीएम से हस्तक्षेप की मांग की है, ताकि स्कूल का शैक्षणिक वातावरण सामान्य हो सके। छात्राओं ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि इस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए।
छात्राओं ने अपनी शिकायत की एक प्रति जिला शिक्षा पदाधिकारी को भी भेजी है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आगे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगी। DM ने छात्राओं को आश्वस्त किया है कि मामले की जांच करवाई जाएगी। मौके पर खुश्बू कुमारी, सन्ध्या कुमारी, खुशी कुमारी, सिमरन कुमारी, भावना कुमारी, भारती कुमारी और मौसम कुमारी सहित कई छात्राएं मौजूद रही।
