कैमूर के भभुआ शहर में बुधवार दोपहर गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी गई। यह घटना वार्ड नंबर 14 में हुई, जहां छावनी मोहल्ले के एक युवक ने कट्टे से गोली चलाई। गंभीर रूप से घायल युवक को सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान भभुआ शहर के वार्ड नंबर 15 निवासी बसंत राम का बेटा रामलाल के रूप में हुई है। गोली चलाने वाले आरोपी का नाम शेरु कुमार बताया जा रहा है, जो छावनी मोहल्ले का निवासी है और पहले ब्लॉक के सामने जूस बेचने का काम करता था। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पैदल ही मौके से फरार हो गया।
शव के साथ अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग जुटे।
भाई का इलाज कराने आया था सदर अस्पताल
प्रत्यक्षदर्शी अमर कुमार, जो मृतक का भाई है, उसने बताया कि वो अपने भाई का इलाज कराने सदर अस्पताल आया था। इसी दौरान वार्ड नंबर 14 में शेरु ने उनके भाई को गोली मार दी। उन्होंने देखा कि कुछ लोग आरोपी को पकड़ने के लिए दौड़ रहे थे, लेकिन वह भागने में सफल रहा।
अस्पताल के डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप
मृतक के परिजनों ने सदर अस्पताल के डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि डॉक्टरों ने घायल को समय पर इलाज नहीं दिया और उसे छुआ तक नहीं, जिसके कारण उसकी मौत हो गई।
एकता चौक पर शव रखकर सड़क जाम किया
इस घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने एकता चौक पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। वे आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और दोषी डॉक्टरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। मुख्य मार्ग पर जाम लगने से आवाजाही पूरी तरह ठप हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी शेरु की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच जारी है।
