दरभंगा में 16 से 18 अक्टूबर तक होगा प्रमंडल स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का आयोजन
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /
खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन दरभंगा के संयुक्त तत्वावधान में प्रमंडल स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2025-26 का आयोजन 16 से 18 अक्टूबर तक जी.डी. गोयंका पब्लिक स्कूल, दरभंगा में किया जाएगा।
दरभंगा प्रमंडल के सभी जिलों के जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी इसमें भाग लेंगे। जिला खेल पदाधिकारी श्री परिमल ने बताया कि प्रतियोगिता की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।
कार्यक्रम के पहले दिन एथलेटिक्स, शतरंज, बैडमिंटन, कबड्डी, बास्केटबॉल और टेबल टेनिस की प्रतियोगिताएँ आयोजित होंगी। दूसरे दिन वॉलीबॉल, कुश्ती और खो-खो, जबकि तीसरे और अंतिम दिन हैंडबॉल, ताइक्वांडो, फुटबॉल और योगा की प्रतियोगिताएँ होंगी।
समापन समारोह में विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
श्री परिमल ने सभी प्रतिभागियों से खेल भावना और अनुशासन के साथ भाग लेने की अपील की है। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।