सुपौल में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी सावन कुमार ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विधानसभा चुनाव-2025 के द्वितीय चरण से जुड़ी तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्वाचन विभाग, बिहार पटना की अधिसूचना के अनुसार सुपौल जिले में मतदान 11 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। मतगणना 14 नवंबर को सुबह 8 बजे से शुरू होगी, जबकि चुनाव प्रक्रिया 16 नवंबर तक पूरी कर ली जाएगी।
नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया आज यानी 13 अक्टूबर से प्रारंभ हो गई है, जो 20 अक्टूबर तक चलेगी। नामांकन प्रतिदिन पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक किया जा सकेगा। संवीक्षा 21 अक्टूबर और प्रत्याशिता वापसी की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
शपथपत्र-26 करना होगा जमा
नामांकन के लिए अभ्यर्थी को प्रपत्र-2ख एवं शपथपत्र-26 जमा करना होगा, जो नोटरी पब्लिक या मजिस्ट्रेट से सत्यापित होना चाहिए। सामान्य उम्मीदवारों को ₹10,000 तथा अनुसूचित जाति/जनजाति उम्मीदवारों को ₹5,000 नाजिर रसीद के रूप में देना होगा।
डीएम ने बताया कि सुपौल जिले के अंतर्गत कुल 5 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा। कोसी बांध के अंदर 91 मतदान केंद्र हैं, जिनमें से 36 नदी पार स्थित हैं। व्यय से जुड़ी शिकायतों के लिए समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार भवन में 24×7 कॉल सेंटर (06473-224801 से 804 तक) की स्थापना की गई है।
निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए बने 26 चेकपोस्ट
उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए जिले में 12 अंतरराष्ट्रीय, 14 अंतरजिला चेकपोस्ट और 16 SST प्वाइंट स्थापित किए गए हैं। 10 कंपनी CAPF बल की तैनाती के साथ फ्लैग मार्च और चेकिंग जारी है। अब तक 239 अभियुक्त गिरफ्तार, 2314.26 लीटर शराब, 101.51 ग्राम ब्राउन शुगर और दो देशी कट्टा बरामद किए गए हैं। डीएम ने कहा कि प्रशासन चुनाव को भयमुक्त और पारदर्शी माहौल में संपन्न कराने को प्रतिबद्ध है।
