किरतपुर प्रखंड के संकुल संघ में मतदाता जागरूकता अभियान
किरतपुर प्रखंड के संकुल संघ में मतदाता जागरूकता अभियान
किरतपुर प्रखंड के संकुल संघ में मतदाता जागरूकता अभियान
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-cum-जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार के निर्देशानुसार जिले के सभी प्रखंडों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम पूरे उत्साह के साथ आयोजित किए जा रहे हैं।
डीपीएम डॉ. ऋचा गार्गी के नेतृत्व में किरतपुर प्रखंड के विभिन्न संकुल संघों में शनिवार को विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जीविका दीदियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और मतदान के महत्व पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. ऋचा गार्गी ने सभी जीविका दीदियों से अपील की कि वे अपने-अपने गांवों में मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करें, विशेषकर प्रवासी मतदाताओं को मतदान हेतु प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि इस बार छठ महापर्व के कुछ ही दिनों बाद चुनाव होने जा रहा है और छठ के दौरान बड़ी संख्या में प्रवासी अपने घर लौटते हैं। यदि उन्हें मतदान के लिए प्रोत्साहित किया जाए, तो मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और लोकतंत्र और भी सशक्त बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान मनोरमा मिश्रा ने जीविका दीदियों को मतदाता शपथ दिलाई। दीदियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं मतदान करेंगी और अन्य मतदाताओं को भी मतदान के लिए प्रेरित करेंगी।
बीपीएम कृष्णदेव ठाकुर ने बताया कि प्रत्येक ग्राम संगठन स्तर पर समूह से जुड़ी दीदियों के परिवारों में योग्य मतदाताओं की सूची तैयार की जा रही है, ताकि मतदान प्रक्रिया की सुनियोजित मॉनिटरिंग की जा सके। उन्होंने कहा कि इस पहल से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र मतदाता मतदान से वंचित न रह जाए।
उन्होंने आगे बताया कि इस सूची के माध्यम से मतदान के दिन घर-घर संपर्क कर मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचाने में भी सहायता की जाएगी। इससे न केवल मतदान प्रतिशत में वृद्धि होगी, बल्कि जीविका दीदियों की सक्रिय भागीदारी से जागरूकता का प्रभाव और व्यापक होगा।
जागरूकता कार्यक्रम में संचार प्रबंधक राजा सागर, मनोरमा मिश्रा, बीपीएम मनीष कुमार, कृष्णदेव ठाकुर, जेआरपी बादशाह अंसारी, सीएम रिंकी सिंह सहित सैकड़ों जीविका दीदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और लोकतंत्र को सशक्त बनाने का संदेश दिया।