दरभंगा में विधानसभा चुनाव को लेकर सीमावर्ती क्षेत्रों में स्टैटिक चेक पोस्ट स्थापित,

निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और शांति सुनिश्चित करने हेतु प्रशासन हुआ सक्रिय

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा 

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत दरभंगा जिले में आदर्श आचार संहिता लागू होने के साथ ही प्रशासन ने पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। इसी क्रम में सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में स्टैटिक चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं।

इन चेक पोस्टों के माध्यम से अभ्यर्थियों द्वारा आयोजित सभाओं, जुलूसों एवं अन्य चुनावी गतिविधियों पर होने वाले व्ययों की सतत निगरानी की जाएगी। ये चेक पोस्ट 24×7 (चौबीसों घंटे) कार्यरत रहेंगे, जहां तीन शिफ्टों में पदाधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी  कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी द्वारा संयुक्त आदेश जारी करते हुए सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को अपने-अपने चेक पोस्ट पर नियमित उपस्थिति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, आदर्श आचार संहिता के सख्त अनुपालन को सुनिश्चित करने को कहा गया है।

स्थापित स्टैटिक चेक पोस्ट निम्नलिखित स्थलों पर बनाए गए हैं —
• बिठौली – मुजफ्फरपुर-दरभंगा एनएच सीमा पर
• राजे टोल प्लाजा – मुजफ्फरपुर-दरभंगा एनएच पर
• राजनगर-दरभंगा पथ की सीमा पर
• पुनाच – सहरसा-दरभंगा पथ की सीमा पर
• तिलकेश्वर थाना के पास – खगड़िया-कुशेश्वरस्थान पथ पर
• जमालपुर के पास – समस्तीपुर-दरभंगा पथ की सीमा पर
• चंदौना के पास – सीतामढ़ी-दरभंगा पथ की सीमा पर
• मोटगाह के पास – रोसड़ा-बहेड़ी पथ की सीमा पर

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे आदर्श आचार संहिता का पालन करें एवं निर्वाचन प्रक्रिया में प्रशासन को पूर्ण सहयोग प्रदान करें।