चुनाव ड्यूटी से मुक्ति हेतु बीमार कर्मियों की मेडिकल जांच 13 से 16 अक्टूबर तक दरभंगा में
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के अवसर पर चुनाव कार्य हेतु नियुक्त किए गए कर्मियों द्वारा असाध्य रोग, दुर्घटना, विकलांगता एवं अन्य बीमारी के आधार पर चुनाव कार्य से विमुक्त किए जाने को लेकर जिला कार्मिक कोषांग, दरभंगा को आवेदन पत्र प्राप्त हो रहे हैं।
उक्त परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी दरभंगा कौशल कुमार ने एक मेडिकल टीम गठित करने का निर्देश दिया है। इस टीम में पर्याप्त संख्या में चिकित्सा पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति असैनिक शल्य चिकित्सक-सह- मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, दरभंगा द्वारा की जाएगी।
मेडिकल बोर्ड द्वारा ऐसे कर्मियों की जांच जिला पेंशनर समाज भवन में 13 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2025 तक पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 5:00 बजे तक की जाएगी।
चिकित्सा दल उन कर्मियों की जांच करेगा जो अपने स्वास्थ्य कारणों से चुनाव कार्य करने में असमर्थ हैं और उनकी स्थिति की रिपोर्ट कार्मिक कोषांग को भेजेगा। इसके बाद नोडल पदाधिकारी, कार्मिक कोषांग, चिकित्सा दल की सिफारिश के आधार पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी की स्वीकृति के उपरांत संबंधित कर्मियों को चुनाव कार्य से मुक्त करने की कार्रवाई करेंगे।
साथ ही जिन कर्मियों को स्वास्थ्य कारणों से चुनाव ड्यूटी से मुक्त किया जाएगा, उनके सेवा में बने रहने से संबंधित कार्रवाई हेतु प्रतिवेदन उनके नियंत्रक पदाधिकारी को भेजा जाएगा।