जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने अर्द्धसैनिक बलों के आवासन एवं मूलभूत सुविधाओं को लेकर की बैठक
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के सफल संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, श्री कौशल कुमार, ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक बैठक आयोजित की।
बैठक में श्री कुमार ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारियों को निर्देशित किया कि अर्द्धसैनिक बलों के ठहराव के लिए उचित आवासन, पेयजल, विद्युत, शौचालय और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं की समय पर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, उन्होंने स्थलों की पूर्व समीक्षा कर आवश्यक मरम्मत और अन्य व्यवस्थाओं की कार्रवाई तुरंत करने का भी आदेश दिया।
बैठक में सहायक समाहर्ता श्री परीक्षित, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुरेश कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
श्री कौशल कुमार ने सभी अधिकारियों को यह भी बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया में अर्द्धसैनिक बलों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए उनके लिए समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्रमुख प्राथमिकता होनी चाहिए।