बिहार विधानसभा चुनाव 2025: मतदान एवं मतगणना कर्मियों के प्रशिक्षण केंद्रों का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। जिले के सभी 10 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में 06 नवंबर 2025 को मतदान तथा 14 नवंबर 2025 को मतगणना कराई जाएगी। इसी क्रम में मतदान एवं मतगणना कर्मियों को प्रशिक्षण देने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक व्यवस्था की है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह- जिलाधिकारी कौशल कुमार ने आज औचक निरीक्षण कर प्रशिक्षण केंद्रों की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने एम.एल. एकेडमी लहेरियासराय, प्लस टू जिला स्कूल लहेरियासराय और सफी मुस्लिम हाई स्कूल दरभंगा का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम
• प्रशिक्षण 09 से 12 अक्टूबर 2025 तक चलेगा।
• इसे दो सत्रों में आयोजित किया जाएगा:
• पहला सत्र: सुबह 09:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक
• दूसरा सत्र: दोपहर 02:00 बजे से शाम 06:00 बजे तक
• प्रशिक्षण के उपरांत परीक्षा भी ली जाएगी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी मास्टर ट्रेनर मतदान एवं मतगणना कर्मियों को कुशल, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव संचालन के लिए बेहतर ढंग से प्रशिक्षण दें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्यों की सफलता के लिए प्रशिक्षण अनिवार्य है और सभी प्रतिनियुक्त कर्मियों को निर्धारित तिथियों पर प्रशिक्षण में उपस्थिति सुनिश्चित करनी होगी।
मतगणना कक्ष की तैयारी
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाजार समिति स्थित मतगणना कक्ष की तैयारी का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समय पर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने और मतगणना को शांतिपूर्ण, पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय जिला भू-अर्जन पदाधिकारी बालेश्वर प्रसाद, सहायक प्रशिक्षण अधिकारी और मास्टर ट्रेनर मौजूद रहे।
दरभंगा जिला प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि इस बार चुनावी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाएं चौक-चौबंद रहेंगी।