सुपौल के त्रिवेणीगंज अनुमंडल क्षेत्र में सोमवार को त्रिवेणीगंज से सुपौल जा रही एक यात्री बस बघला पुल के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा पुलिस प्रशासन को सूचना दी।

सूचना मिलते ही त्रिवेणीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला। सभी घायल यात्रियों को तुरंत त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया, जहां कई यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सक गंभीर रूप से जख्मी कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए सुपौल सदर अस्पताल रेफर करने की तैयारी में जुटे हैं।

हादसे में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, बस में सवार यात्रियों के परिजनों को भी सूचना दी जा रही है ताकि उनकी पहचान और संपर्क किया जा सके।

साइकिल सवार को बचाने के दौरान हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस तेज गति में थी और अचानक एक साइकिल सवार को बचाने के दौरान चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया, जिसके कारण बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद चालक और परिचालक मौके से फरार बताए जा रहे हैं।

घटना की जानकारी के बाद मौके पर जुटी भीड़।
जांच में जुटी पुलिस

त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष का कहना है कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घायलों के इलाज की पूरी व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन ने हादसे में घायल यात्रियों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।