भागलपुर में उत्पाद विभाग की टीम पर हमला हुआ है। हमले में एसआई राकेश कुमार बादल और ड्राइवर उदय कुमार घायल हो गए। हमलावरों ने तीन शराबियों को टीम के कब्जे से छुड़ा लिया। गाड़ी भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना इशीपुर थाना क्षेत्र के बाघमारा चौक की है।
जानकारी के अनुसार उत्पाद विभाग की टीम शराब बेचने की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची थी। टीम ने मौके से तीन शराबियों को देसी शराब के साथ पकड़ लिया। जीप में बिठाकर थाने ला रही थी, इस बीच चार बाइक पर सवार आठ युवक लाठी-डंडे से लैस होकर पहुंचे और टीम पर हमला कर दिया।
हमले में एएसआई राकेश कुमार बादल और वाहन चालक चोटिल हो गए। घायल पुलिस कर्मियों को इलाज के लिए तत्काल इशीपुर रेफरल अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी स्थिर बताई जा रही है।
स्थानीय पुलिस को सूचना नहीं दी गई थी
घटना की सूचना मिलने पर इशीपुर थानाध्यक्ष मनीष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक हमलावर वहां से फरार हो चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल से टूटे शीशे और शराब की बोतल जब्त की है। जानकारी के मुताबिक उत्पाद विभाग की टीम ने इस कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को सूचना नहीं दी गई थी। पुलिस हमले में शामिल लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
