भभुआ शहर के चकबंदी रोड इलाके में एक 22 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिला है। मृतक की पहचान अधौरा थाना क्षेत्र के टोड़ी गांव निवासी बबलू यादव के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, रविवार को बबलू की मां गीता देवी अपनी बहन के यहां गई हुई थीं। घर पर बबलू अकेला था। एक रिश्तेदार से सूचना मिलने पर जब मां घर लौटीं, तो उन्होंने अपने बेटे को फंदे पर लटका पाया। उसके दोनों पैर बंधे हुए थे।
बच्चा स्वस्थ,घर में कोई तनाव नहीं
मां गीता देवी ने आरोप लगाया है कि, उनके बेटे की हत्या कर उसे फंदे पर लटकाया गया है। उन्होंने कहा कि, बबलू आत्महत्या नहीं कर सकता, क्योंकि वह मानसिक रूप से स्वस्थ था और घर में कोई तनाव नहीं था।
पुलिस बोली,फंदे पर लटका मिला
सूचना मिलते ही भभुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में युवक फंदे से लटका मिला और घटना के समय घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था।
परिजनों से लिखित आवेदन नहीं मिला
थाना प्रभारी ने बताया कि, यह घटना संदिग्ध है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद परिजनों ने न्याय की मांग की है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह आत्महत्या है या हत्या।
