नवरात्र के मौके पर कटिहार के दो नंबर कॉलोनी स्थित सन ऑफ इंडिया क्लब ने इस बार दुर्गा पूजा में श्रद्धालुओं के लिए खास तोहफा पेश किया है। क्लब ने राजस्थानी राजघराने की झलक देता भव्य पंडाल तैयार किया है, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है।
इस अवसर पर पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, मेयर उषा देवी अग्रवाल, एमएलसी अशोक अग्रवाल, मनिहारी मुख्य पार्षद लाखों यादव सहित कई गणमान्य हस्तियों ने विधिवत पूजा अर्चना कर पंडाल का उद्घाटन किया।
पर्यावरण और पारंपरिक कला का संगम
पंडाल की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे पूरी तरह पर्यावरण को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। निर्माण में बांस, चटाई, सूप, मिट्टी के दीपक और कपड़े जैसे देसी सामानों का इस्तेमाल किया गया है। पूरे पंडाल में विष्णुपुर की पारंपरिक कलाकारी की छाप साफ दिखाई देती है, जिससे यह पूजा मंडप अत्यंत आकर्षक बन गया है।
1962 से सन ऑफ इंडिया क्लब कटिहार अपनी भव्यता और अनोखे थीम वाले पंडालों के लिए जाना जाता है। इस बार लगभग 16 लाख रुपये की लागत से तैयार राजस्थानी राजघराना थीम का पंडाल भी लोगों की जुबां पर है। इसे तैयार करने के लिए मेदनीपुर के कारीगरों ने महीनों तक मेहनत की और अपनी कला से ऐसा नजारा खड़ा किया जिसे देखने के लिए श्रद्धालु दूर-दूर से आ रहे हैं।
आकर्षक कार्यक्रम और सांस्कृतिक रंग
क्लब अध्यक्ष बंसी दत्त ने बताया कि इस साल पूजा पंडाल के साथ लाइटिंग, प्रतिमा, भंडारा और बंगाल के लोकगीतों से सजे कार्यक्रम श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। पंडाल में भारतीय संस्कृति और इतिहास का अद्भुत संगम देखने को मिलता है।
कटिहार में सन ऑफ इंडिया क्लब का यह राजस्थानी अंदाज का पंडाल इस समय शहर की सबसे बड़ी चर्चा का केंद्र बना हुआ है। श्रद्धालु इस भव्यता और सांस्कृतिक प्रस्तुति को सालों तक याद रखेंगे।
