दरभंगा में महिलाओं के रोजगार को लेकर बड़ा कदम,जिलाधिकारी ने की बैठक 

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

जिला पदाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना को लेकर आज समाहरणालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न बैंकों के समन्वयक, गैर वित्तीय कंपनियों एवं जीविका प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

डीएम ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत महिलाओं को स्वावलम्बी बनाने और रोजगार से जोड़ने के लिए बिहार सरकार लगातार प्रयासरत है। पहली किस्त के रूप में ₹10,000 की राशि 26 सितम्बर को लाभुकों के खाते में भेजी जा चुकी है। आगे शेष राशि भी उनके व्यवसाय को सशक्त करने के लिए दी जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि माइक्रो फाइनेंस कंपनियां और बैंक इस राशि को किसी भी पुराने ऋण की वसूली या समायोजन में इस्तेमाल नहीं करेंगे। यदि कहीं सेराशि काट ली गई है तो उसे तुरंत लाभुकों के खाते में वापस करना होगा।

डीएम ने कहा – “यह राशि केवल महिला सदस्यों के व्यक्तिगत रोजगार हेतु है, इसका सही उपयोग सुनिश्चित होना चाहिए।”

बैठक के दौरान मतदाता जागरूकता को लेकर भी सभी उपस्थित अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने शपथ ली कि वे अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करेंगे।

इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी, उप विकास आयुक्त स्वप्निल, अग्रणी जिला प्रबंधक, जीविका परियोजना प्रबंधक सहित सभी बैंक और माइक्रो फाइनेंस कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।