दरभंगा में महिला मजदूर के साथ मारपीट, जमीन विवाद में घायल,प्राथमिकी दर्ज 

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

बहादुरपुर थाना क्षेत्र की साकिन-सीमा  मुसहरी निवासी प्रमिला देवी ने अनुसूचित जाति जनजाति थाना, दरभंगा में आवेदन देकर अपने ऊपर हुए हमले की शिकायत दर्ज कराई है।

प्रमिला देवी के अनुसार, वह दैनिक मजदूरी कर अपना जीवन-यापन करती हैं। 29 सितम्बर 2025 की सुबह करीब सात बजे वह अपनी साथी निर्मला देवी के साथ मोहल्ला-सेंद नगर स्थित होण्डा एजेंसी की छत की सफाई कर रही थीं। इसी दौरान मोहल्ला-इमामबाड़ी निवासी स्व. जयवर्धन साह का पुत्र मयंक मीत (36 वर्ष) अपनी तीन बहनों के साथ वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए छत से नीचे उतरने को कहा।

जैसे ही दोनों महिलाएं नीचे उतरीं, आरोप है कि चारों ने उन्हें पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। प्रमिला देवी ने बताया कि मयंक मीत ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और विवादित जमीन पर काम करने से रोका। हमले में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। 

पीड़िता ने थाना प्रभारी से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।