शिक्षिका पुष्पा कुमारी हत्याकांड में सास, ससुर और भैंसुर को पुलिस ने किया गिरफ्तार,पति समेत तीन फरार, छापेमारी जारी

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

दरभंगा जिला के बिरौल थाना क्षेत्र में हुई शिक्षिका पुष्पा कुमारी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रभाकर तिवारी के निर्देश पर अनुसंधानकर्ता शशीकांत रजक त्वरित कार्रवाई करते हुए, इस मामले में संलिप्त एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में मृतका पुष्पा कुमारी की सास जयमाला देवी, ससुर कुमर साहु और भैंसुर त्रिवेणी प्रसाद शामिल हैं।
बता दें कि पीड़ित परिवार ने पुष्पा कुमारी के ससुराल वालों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या करने और उनके शव को खेत में फेंक देने का गंभीर आरोप लगाया। मृतका के पिता द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर बिरौल पुलिस ने कुल छह लोगों को नामजद किया था। हालांकि, मामले के कुछ मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। मृतका के पति प्रमोद प्रसाद (जो कि एक शिक्षक हैं), ननद रेणु देवी और रोहित साहु फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस इन सभी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।