मानदेय वृद्धि की मांग को लेकर आईटी सहायकों की दो दिवसीय अवकाश और भूख हड़ताल की घोषणा

दस्तक 7 मीडिया दरभंगा /

बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन के तहत वर्षों से संविदा पर काम कर रहे आईटी सहायक और कार्यपालक सहायकों ने अपने मानदेय में वृद्धि की मांग को लेकर दो दिवसीय सामूहिक अवकाश और अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की घोषणा की है।
बिहार राज्य आईटी कर्मी संयुक्त संघर्ष मोर्चा,दरभंगा के नेतृत्व में यह आंदोलन 3 और 4 अक्टूबर 2025 को सामूहिक अवकाश के रूप में शुरू होगा। इसके बाद 6 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की शुरुआत की जाएगी,जो तब तक जारी रहेगी जब तक सरकार उनकी मांगों को नहीं मान लेती। इन कर्मियों का कहना है कि मुख्यमंत्री द्वारा सभी संविदा कर्मियों के मानदेय में वृद्धि की घोषणा की गई थी,लेकिन बीपीएसएम के अंतर्गत काम कर रहे आईटी और कार्यपालक सहायकों को इस लाभ से वंचित रखा गया है। यह उनके साथ अन्यायपूर्ण व्यवहार है और इसी के खिलाफ उन्होंने यह कदम उठाया है। संगठन ने बताया कि आंदोलन की सूचना पहले ही सभी संबंधित विभागों और वरीय अधिकारियों को दे दी गई है। उन्होंने अपील की है कि राज्य सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करे और शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेते हुए मानदेय वृद्धि सुनिश्चित करे। आईटी कर्मियों ने यह भी बताया कि अब तक वे किसी प्रकार की हड़ताल पर नहीं गए थे ताकि बिहार सरकार की योजनाओं और जनता को कोई असुविधा न हो,खासकर इस चुनावी वर्ष में। लेकिन अब मजबूरीवश उन्हें आंदोलन करना पड़ रहा है। अगर यह हड़ताल शुरू होती है,तो इससे जाति प्रमाण पत्र,आवासीय,आय प्रमाण पत्र,ईडब्लूएस,एनसीएल,एलपीसी,मनरेगा मजदूरी,प्रधानमंत्री आवास योजना,लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान,लोक शिकायत निवारण,15वीं वित्त आयोग,6ठा वित्त आयोग,सामाजिक सुरक्षा पेंशन और निर्वाचन जैसे अनेक महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित होंगे।