सुपौल में शारदीय नवरात्र के तहत दुर्गा पूजा को लेकर भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है। षष्टी के अवसर पर शनिवार की सुबह से ही जिलेभर के मंदिरों और पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालु मां दुर्गा की पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए कतारबद्ध दिखे। वहीं पंचमी की संध्या को भी जिले के विभिन्न पूजा पंडालों में विशेष आरती का आयोजन हुआ, जिसमें भारी संख्या में भक्त शामिल हुए।

जिला मुख्यालय स्थित बड़ी दुर्गा मंदिर, गांधी मैदान स्थित दुर्गा मंदिर, निर्मली का बड़ी दुर्गा मंदिर और अंबेडकर चौक दुर्गा मंदिर सहित वीरपुर और त्रिवेणीगंज अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही सुबह से ही जारी रही। मंदिरों और पंडालों में भक्तों की भीड़ के बीच मेले का भी आयोजन किया गया, जहां बच्चों और परिवारों में खासा उत्साह देखने को मिल

सुपौल में दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस की तैनाती।

जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती

पूरे जिले में भक्तिमय और उल्लासपूर्ण वातावरण के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय नजर आया। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही लगातार गश्ती दल को निगरानी में लगाया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न घट सके। निर्मली में सर्किल इंस्पेक्टर राणा रणविजय सिंह और इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष सियावर मंडल ने पुलिस बल के साथ विभिन्न मंदिरों और पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील की।

पंडालों के आसपास रोशनी, पेयजल और साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था

पूजा आयोजक समितियों की ओर से भी बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। भक्तों की सुविधा के लिए पंडालों के आसपास रोशनी, पेयजल और साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की गई है।

सुपौल में चल रहे इस धार्मिक आयोजन से लोगों में उत्साह का संचार है। भक्तों का कहना है कि मां दुर्गा की कृपा से जिले में शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे। आने वाले दिनों में अष्टमी और नवमी के अवसर पर और भी बड़े स्तर पर पूजा-अर्चना और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।