दरभंगा में श्यामा मंदिर तालाब परिसर में वृहद स्वच्छता अभियान,

एनसीसी कैडेट्स, नगर निगम टीम व मेरा युवा भारत के स्वयंसेवकों ने किया श्रमदान, जलीय जीव संरक्षण का लिया संकल्प

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /गुंजन कुमार 

राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के दिशा-निर्देशों और जिलाधिकारी-सह-अध्यक्ष, जिला गंगा समिति श्री कौशल कुमार के निर्देशानुसार गुरुवार को “स्वच्छता ही सेवा : एक दिन, एक घंटा, एक साथ” अभियान के तहत श्यामा मंदिर स्थित तालाब एवं आसपास के परिसर में भव्य स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर स्वच्छता श्रमदान, सामूहिक शपथ, नुक्कड़ नाटक और स्वच्छता कर्मियों के सम्मान जैसी गतिविधियाँ हुईं। गंगा समिति के जिला परियोजना पदाधिकारी फ़ारूक इमाम के नेतृत्व में 08 बिहार बटालियन एनसीसी कैडेट्स, नगर निगम की स्वच्छता टीम और मेरा युवा भारत के स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

प्रतिभागियों की सहभागिता
• तालाब किनारे व मंदिर परिसर से प्लास्टिक बोतलें, कूड़ा-कचरा व अन्य अपशिष्ट हटाकर व्यापक श्रमदान
• सामूहिक शपथ के ज़रिए जलस्रोतों को प्रदूषित न करने और जलीय जीवों व वृक्षों की रक्षा करने का संकल्प
• नगर निगम के स्वच्छता कर्मियों के योगदान की सराहना कर किया गया सम्मान

जिला परियोजना पदाधिकारी फ़ारूक इमाम ने कहा—
“स्वच्छता ही सेवा अभियान केवल एक दिन की सफाई तक सीमित नहीं है। इसका मकसद लोगों में रोज़मर्रा की स्वच्छता आदतें विकसित करना और जलस्रोतों की रक्षा हेतु सामूहिक जिम्मेदारी का बोध कराना है।”
उन्होंने लोगों से कपड़े का थैला रखने, प्लास्टिक का प्रयोग कम करने और कचरा निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की।

नुक्कड़ नाटक के जरिए संदेश

नदी-तालाबों को प्रदूषित न करने का संदेश शबीर अली के नेतृत्व में आयोजित नुक्कड़ नाटक के जरिए दिया गया। इसमें कलाकार सोनाली कुमारी, हर्षिता हरियाली, लक्ष्मी सिद्धि और हिमांशु राज ने दर्शकों को स्वच्छता का महत्व बताया।

प्रमुख उपस्थित लोग

अभियान में नगर निगम पदाधिकारी शांति रमन और निखिल चौरसिया, एनसीसी के सूबेदार मेजर मदन तमांग, नमामि गंगे स्पीयरहेड संजीव कुमार, पूजा कुमारी, मेरा युवा भारत के मुकेश झा और मणिकांत ठाकुर सहित सैकड़ों कैडेट्स, स्थानीय नागरिक और छात्र-छात्राएँ शामिल रहे।