कैमूर के कुदरा थाना क्षेत्र के मिरिया गांव के पास बुधवार को ऑटो और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में एक छात्र की मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं।
मृतक की पहचान सोनहन के बड़का कीर गांव निवासी भजन प्रजापति का बेटा प्रिंस कुमार (16) के रूप में हुई है। प्रिंस बघेल के +2 उच्च विद्यालय में पढ़ता था। वह स्कूल में इंटर का फॉर्म भरने के बाद टेंपो से घर लौट रहा था।
प्रिंस की मौके पर ही मौत
हादसा तब हुआ जब सामने से आ रही एक बाइक दक्षिणी लेन से दूसरी ओर जाने की कोशिश कर रही थी। टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो पलट गया। प्रिंस की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में एक 13 साल का सुदामा शाह है, जो बड़का कीर गांव का रहने वाला है। अन्य दो घायलों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
परिवार का सबसे बड़ा बेटा था प्रिंस
मृतक के चाचा रामचंद्र प्रसाद ने बताया कि प्रिंस परिवार का सबसे बड़ा बेटा था। उसकी एक छोटी बहन और एक छोटा भाई है। प्रिंस को अनुमंडलीय अस्पताल मोहनिया ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मोहनिया पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया है। थाना प्रभारी आलोक कुमार के अनुसार, हादसा कुदरा थाना क्षेत्र में हुआ था। मृतक के परिजन कुदरा थाने में आवेदन देंगे।
