गुप्त तहखाने से 918 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद,कंटेनर जप्त,

शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा : सहायक आयुक्त मधनिषेध प्रदीप कुमार

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /सजंय कुमार राय

बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद लगातार मिल रही शराब तस्करी की सूचनाओं पर रोक लगाने के लिए मद्य निषेध विभाग की टीम ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। दरभंगा जिले के विशनपुर थाना क्षेत्र के भरौल गांव में एक कंटेनर से 918 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। बरामद शराब की बोतलों की संख्या 2448 बताई जा रही है।

दरअसल यह छापेमारी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 और आगामी दुर्गा पूजा को लेकर चल रहे विशेष निगरानी अभियान के तहत की गई थी। जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर जिले भर में शराब तस्करों और शराब सेवन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। मद्य निषेध विभाग की मोबाइल टीम ने गुप्त सूचना मिलते ही भरौल गांव में अचानक छापेमारी की। वहां एक गुप्त तहखाना में छिपाकर रखे गए कंटेनर से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। मौके पर किसी तस्कर की गिरफ्तारी की पुष्टि अभी नहीं हुई है,लेकिन इस पूरे मामले की जांच की जा रही है और संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

एक हफ्ते में चार वाहन जब्त,60 से अधिक गिरफ्तार

दरभंगा सहायक आयुक्त मद्यनिषेध प्रदीप कुमार ने जानकारी दी कि पिछले एक सप्ताह में जिले में गुप्त सूचना के आधार पर चार वाहन जब्त किए गए हैं,जिनसे शराब की तस्करी की जा रही थी। इसके अलावा 60 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है,जिनमें शराब पीने,बेचने और ढोने वाले शामिल हैं।उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2016 (संशोधित) के तहत राज्य में शराब का निर्माण,बिक्री,सेवन और परिवहन पूरी तरह गैरकानूनी है। इस कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी सजा का प्रावधान है।

जिला प्रशासन का सख्त रुख

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि चुनाव और त्योहारों के समय जिले में किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधि न हो। विशेषकर शराब तस्करी को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मद्य निषेध विभाग की टीम लगातार गांव,शहर, मुख्य सड़कों और संदिग्ध स्थानों पर गश्ती और छापेमारी कर रही है। आने वाले दिनों में भी यह अभियान जारी रहेगा।

स्थानीय लोग सूचना दे ,पहचान गोपनीय रहेगा 

अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि अगर उन्हें कहीं भी शराब से जुड़ी कोई गतिविधि दिखाई दे,तो तुरंत मद्य निषेध विभाग या नजदीकी थाना को सूचना दें। उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी और कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।