लंबित मामलों पर सख्त हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी,घनश्यामपुर थाने का किया निरीक्षण,

पर्व त्यौहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर विशेष रूप से असामाजिक तत्वों के विरुद्ध शख्त कार्रवाई करें–प्रभाकर तिवारी

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

अपराध पर लगाम लगाने और लंबित मामलों के त्वरित निपटारे को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बिरौल अनुमंडल के पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) प्रभाकर तिवारी ने बुधवार को घनश्यामपुर थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान, उन्होंने थाना परिसर, मालखाना और महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली का गहनता से जायजा लिया।
एसडीपीओ तिवारी ने खासकर लंबित कांडों की समीक्षा पर जोर दिया। उन्होंने थानाध्यक्ष बलवंत कुमार, एस आई अश्विनी कुमार,एएसआई रजनीश कुमार सिंह और अन्य पुलिस पदाधिकारियों से लंबित मामलों की फाइलें मंगवाकर एक-एक कर उनकी प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कई गंभीर मामले, जैसे हत्या, लूट और एससी-एसटी से जुड़े लंबित मामलों को जल्द निष्पादन करने को कहा,उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मामलों में विलंब स्वीकार्य नहीं है और लापरवाही बरतने वाले अनुसंधानकर्ता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को लंबित मामलों में तुरंत कार्रवाई करने और उनका जल्द से जल्द निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान, एसडीपीओ ने थाने में मौजूद सीसीटीवी कैमरों और अभिलेखों के रख-रखाव की स्थिति की भी जांच की। उन्होंने अधिकारियों को साफ-सफाई बनाए रखने और अभिलेखों को व्यवस्थित तरीके से रखने का निर्देश दिया। इसके अलावा एसडीपीओ ने आने वाले पर्व त्यौहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर विशेष रूप से असामाजिक तत्वों का सूची तैयार कर उसके विरुद्ध शख्त कार्रवाई करने को कहा। साथ ही जमानत पर जेल से बाहर आए अपराधियों के गतिविधियों पर नजर बनाए रखने का निर्देश थानाध्यक्ष को दिए।