किसान सलाहकार करेंगे बोरिंग का सर्वे, जीपीएस से होगी लोकेशन ट्रैकिंग।
सरायगढ़ पंचायत में सातवीं लघु सिंचाई गणना शुरू। सुपौल जिले के सरायगढ़ भपटियाही प्रखंड में कृषि विभाग ने मंगलवार को सरायगढ़ पंचायत में सातवीं लघु सिंचाई गणना की शुरुआत की है। यह गणना पूरी तरह डिजिटल होगी और सातवीं सेंसर ऐप के माध्यम से की जाएगी। विभाग ने पांच किसान सलाहकारों को इस कार्य के लिए नियुक्त किया है। अरविंद कुमार, चंदन कुमार सिंह, राजेश कुमार, श्याम कुमार भारती और देवेंद्र भारती को 7-8 राजस्व गांवों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गणना प्रक्रिया में किसानों के बोरिंग की वर्तमान स्थिति का आकलन किया जाएगा। सलाहकार संबंधित खेसरा में जाकर जीपीएस के माध्यम से बोरिंग का फोटो अपलोड करेंगे। इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी कृषि समन्वयक, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी और सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी कर रहे हैं। सिंचाई क्षमता का यह सर्वेक्षण पूरी तरह से ऐप आधारित है, जिससे आंकड़ों की सटीकता सुनिश्चित की जा सकेगी।
