जिलाधिकारी ने किया बज्रगृह, मतगणना केंद्र और डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /
आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारियों के तहत जिलाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री कौशल कुमार ने आज बाजार समिति, शिवधारा परिसर स्थित बज्रगृह (Strong Room), मतगणना केंद्र और डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति का जायज़ा लिया और संबंधित अधिकारियों को सभी कार्यों को समय पर पूरा करने एवं निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से बज्रगृह की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, विद्युत आपूर्ति की स्थिति और आपदा प्रबंधन उपायों की समीक्षा की। इसके अलावा, मतगणना केंद्र और डिस्पैच सेंटर में प्रवेश-निकास व्यवस्था, बैरिकेडिंग और वेटिंग एरिया की व्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेश कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।