अडानी को 1 रुपए प्रति एकड़ दर से ज़मीन देने के खिलाफ दरभंगा में भाकपा (माले) व किसान महासभा का विरोध मार्च

लाखों पेड़ काटकर ज़मीन सौंपने पर भड़के किसान नेता, बोले – “जहां एक पेड़ मां के नाम पर ढोंग, वहीं लाखों पेड़ कटवाए जा रहे हैं”

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

भागलपुर के पीरपैंती प्रखंड में हरे-भरे इलाके की 1050 एकड़ ज़मीन अडानी को सौंपे जाने के खिलाफ आज दरभंगा में भाकपा (माले) और किसान महासभा ने ज़ोरदार विरोध मार्च निकाला।

लहेरियासराय प्रेक्षागृह गेट से शुरू हुआ प्रतिवाद मार्च समाहरणालय, थाना परिसर होते हुए टॉवर चौक पर प्रतिवाद सभा में तब्दील हो गया।

किसान नेताओं का सरकार पर बड़ा हमला

सभा की अध्यक्षता किसान महासभा के जिला सचिव धर्मेश यादव ने की। मौके पर संबोधित करते हुए किसान महासभा के राज्य सह सचिव अभिषेक कुमार ने कहा –
“बिहार में हज़ारों स्कूल और स्वास्थ्य उपकेंद्र ज़मीन के अभाव में बंद पड़े हैं। भूमिहीनों को ज़मीन नहीं दी जाती, लेकिन अडानी को 1050 एकड़ ज़मीन मात्र 1 रुपए प्रति एकड़ की दर से मिल जाती है। यह सरकार किसानों, छात्रों और गरीबों के साथ खुला विश्वासघात कर रही है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश-मोदी सरकारें पूंजीपतियों के हाथों राज्य और देश की ज़मीन लुटा रही हैं। अभिषेक ने चेतावनी दी –
“अगर यह सौदा वापस नहीं लिया गया तो हम सड़क से सदन तक और तेज़ लड़ाई लड़ेंगे।”

नेताओं ने साधा निशाना

सभा को संबोधित करते हुए इंसाफ मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष नेयाज अहमद ने कहा –
“जहां एक पेड़ मां के नाम पर लगाने का ढोंग किया जाता है, वहीं लाखों पेड़ अडानी के लिए काटे जा रहे हैं। यह सीधा-सीधा जनता के साथ छल है।”

उन्होंने कहा कि नीतीश और मोदी सरकारें मिलकर पूंजीपतियों के हित में देश की ज़मीन और संसाधन बेच रही हैं।

बड़ी भागीदारी

प्रतिवाद मार्च और सभा का नेतृत्व भाकपा (माले) के राज्य कमिटी सदस्य नेयाज अहमद, किसान महासभा के अभिषेक कुमार, माले नेता नन्द लाल ठाकुर, विनोद सिंह, कामेश्वर पासवान, खेग्रामस नेता पप्पू पासवान, एक्टू नेता उमेश प्रसाद साह समेत कई नेताओं ने किया।

मार्च और सभा में देवेन्द्र कुमार, मो. जमालुद्दीन, रामनारायण पासवान, हरि पासवान, प्रवीण यादव, अशोक पासवान, शनिचरी देवी, शिला देवी, अनिरुद्ध पासवान, मो. सज्जाद, मो. शहजाद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद थे।