विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर डीएम और एसएसपी ने की बैठक, सुरक्षा और व्यवस्था पर जोर

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /गुंजन कुमार 

आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए समाहरणालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी  कौशल कुमार ने की। इसमें 82-दरभंगा ग्रामीण, 83-दरभंगा नगर और 85-बहादुरपुर विधानसभा क्षेत्रों की निर्वाचन तैयारियों, भेद्यता मानचित्रण (Vulnerability Mapping), विधि-व्यवस्था और अन्य प्रबंधन पहलुओं की समीक्षा की गई।

मुख्य बिंदु

• अति संवेदनशील एवं भेद्य क्षेत्रों की पहचान और उनका मानचित्रण।
• विधि-व्यवस्था की वर्तमान स्थिति और संभावित चुनौतियों का आंकलन।
• अवांछनीय तत्वों पर कड़ी निगरानी और पूर्ववर्ती आपराधिक गतिविधियों की समीक्षा।
• आदर्श आचार संहिता के पालन के लिए आवश्यक कदम।
• थाना स्तर पर निर्वाचन से संबंधित अभिलेखों का अद्यतन।
• मतदाताओं की सुविधा और सुगम मतदान के लिए की जा रही व्यवस्थाएं।

निर्देश और सतर्कता

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन संबंधी गतिविधियां समयबद्ध और पारदर्शी रूप से पूरी की जाएँ। वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ जला रेड्डी ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, थाना प्रभारी, निर्वाची पदाधिकारी, नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता विभागीय जांच राकेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेश कुमार समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।