श्रमिकों के लिए सौगात : कलेक्ट्रेट स्थित परिचर्चा भवन में कार्यक्रम आयोजित।

जिले में श्रम कल्याण दिवस पूरे प्रदेश में धूमधाम से मनाया गया। इस क्रम में कलेक्ट्रेट स्थित परिचर्चा भवन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण पटना से किया गया। जहां मुख्यमंत्री ने बिहार भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत निबंधित श्रमिकों को वार्षिक वस्त्र सहायता योजना के तहत प्रतिवर्ष 5 हजार की राशि सीधे बैंक खाते में डीबीटी के जरिए ट्रांसफर की।

 

डीएम रिची पांडेय ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि श्रमिक समाज के उत्थान के लिए सरकार लगातार योजनाएं चला रही है। उन्होंने कहा कि वार्षिक वस्त्र सहायता योजना से श्रमिक परिवारों को प्रत्यक्ष आर्थिक सहयोग मिलेगा और जीवन स्तर में सुधार होगा।श्रम अधीक्षक ने बताया कि सीतामढ़ी जिले के करीब 65 हजार निबंधित श्रमिकों को इस योजना का लाभ प्रदान किया गया है।

 

 

उन्होंने कहा कि प्राथमिकता यह है कि जिले के हर पात्र श्रमिक को इस योजना से जोड़ा जाए। वहीं, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी रौशन कुमार सिंह ने उपस्थित श्रमिकों को सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी और अधिक से अधिक श्रमिकों को पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया। मौके पर जिले के सभी पंचायतों से आए श्रमिकों के साथ-साथ ओएसडी राजेश भारती, सभी श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, तथा प्रथम संस्था के जिला समन्वयक सुधीर कुमार, निशांत प्रेम, दिलीप कुमार शास्त्री, संतोष कुमार भी थे।