कमला नदी में डूबे 7 साल के बच्चे रविकांत की तलाश जारी, महावीर नगर में मातम का माहौल

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

बिरौल प्रखंड मुख्यालय के पास महावीर नगर में गुरुवार को कमला नदी में डूबने से एक सात साल के बच्चे की दुखद घटना सामने आई है। दोपहर करीब तीन बजे, कमला नदी पर बने पुराने पुल पर खेलते समय दिलीप मुखिया के बेटे रविकांत मुखिया (7) का पैर फिसल गया और वह नदी में जा गिरा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बच्चे पुल पर खेल रहे थे और उसी दौरान रविकांत अचानक रेलिंग से फिसलकर नदी में गिर गया। नदी का बहाव तेज होने और जलकुंभी के कारण वह देखते ही देखते पानी में गायब हो गया। शोर सुनकर स्थानीय लोगों ने उसे बचाने की बहुत कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे।
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ आदित्य शंकर और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। सीओ ने बताया कि बच्चे की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया है। देर शाम तक भी बच्चे का शव नहीं मिल पाया, जिसके बाद दो चौकीदारों को वहां तैनात कर वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की सूचना दी गई है।
सीओ ने आगे बताया कि एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया जा रहा है। इस घटना के बाद पूरे महावीर नगर में शोक का माहौल है और ग्रामीण प्रशासन से इस पुल पर सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग कर रहे हैं। हालांकि स्थानीय लोगों ने कुछ देर के लिए सड़क मार्ग को जाम कर प्रदर्शन करने लगे जिसे सीओ के आश्वासन पर जाम को हटाया गया। मौके पर पंचायत के मुखिया मिथलेश शर्मा और पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।