बिहार पुलिस मुख्यालय की बड़ी कार्रवाई, पति-पत्नी आधार पर 373 पुलिसकर्मियों का तबादला

दस्तक 7मीडिया ,पटना /

बिहार पुलिस मुख्यालय ने बड़े पैमाने पर स्थानांतरण की कार्रवाई की है। मुख्यालय की ओर से पति-पत्नी आधार पर 373 पुलिसकर्मियों का तबादला किया गया है। इन पुलिसकर्मियों को उनके जीवनसाथी की सरकारी सेवा की तैनाती को ध्यान में रखते हुए एक ही जिले में पदस्थापित किया गया है।

मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, तबादले पर फैसला एडीजी (मुख्यालय) की अध्यक्षता वाली स्थानांतरण समिति की बैठक में लिया गया। आदेश डीआईजी (कार्मिक) द्वारा जारी किया गया। वहीं, 192 आवेदनों को विभिन्न कारणों से अस्वीकृत कर दिया गया।

ज्यादातर मामलों में पुलिसकर्मियों की पत्नियां शिक्षिका हैं, जबकि कई मामलों में पति-पत्नी दोनों पुलिस सेवा में कार्यरत हैं। नियमों के मुताबिक, दंपती आधार पर पूरे सेवाकाल में अधिकतम दो बार ही स्थानांतरण का लाभ दिया जा सकता है। गृह जिले या पूर्व में पदस्थापित जिलों में तबादलों पर विचार नहीं किया गया।

इसी क्रम में पुलिस मुख्यालय ने एक दर्जन से अधिक इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारियों का भी स्थानांतरण किया है। इसमें निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, प्रशिक्षण निदेशालय और एटीएस जैसी महत्वपूर्ण इकाइयों के अधिकारी शामिल हैं।