बांका व्यवहार न्यायालय परिसर में लोक अदालत का आयोजन।

 

बांका राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन शनिवार को व्यवहार न्यायालय परिसर में किया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत का विधिवत शुभारंभ जिला जज सत्य भूषण आर्य, डीएम नवदीप शुक्ला एवं अन्य न्यायिक पदाधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। जिसके बाद मुख्य अतिथियों को पौधा देकर उनका स्वागत किया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत में 12 बेंच का गठन किया गया था। जहां लोगों के अलग-अलग मामले की सुनवाई की गई।

 

इस मौके पर जिला जज ने कहा कि मुकदमे के बढ़ते बोझ के कारण समय-समय पर लोक अदालत का आयोजन किया जाता है। यहां पर न्यूनतम समझौता के आधार पर मुकदमे का निपटारा कर फरियादी को राहत दी जाती है। इस मौके पर कई न्यायिक अधिकारी मौजूद थे। राष्ट्रीय लोक अदालत में 9836 मामले थे, जिसको लेकर संबंधित लोगों को नोटिस भेजा गया था। राष्ट्रीय लोक अदालत में जिले के विभिन्न बैंकों के ऋणधारकों से नौ करोड़ 50 लाख 60 हजार 798 रुपए का सेटलमेंट किया गया। वहीं 5459 मुकदमा का ऑन द स्पाट निष्पादन किया गया। लोक अदालत का समापन शनिवार की शाम 5 बजे हुआ।