बिरौल।
अनुमंडल मुख्यालय स्थित निबंधन कार्यालय बिरौल में शनिवार को जल संसाधन विभाग के मंत्री संजय कुमार झा ने पुस्तकालय एवं कॉमन रूम का उद्घाटन किया। पुस्तकालय का प्रयोग निबंधनार्थी जनता के द्वारा निबंधन के दौरान किया जायेगा। कॉमन रूम में विभिन्न खेल संसाधन की व्यवस्था की गई है। मंत्री श्री झा ने स्वयं कैरम खेलकर कर कॉमन रूम का उद्घाटन किया। इसे देखकर मंत्री ने कहा कि बिहार में इस तरह की इनोवेटिव व्यवस्था अभी तक कहीं देखने को नहीं मिली है। इस कार्यालय में लोग अपने काम के दौरान पुस्तक पढ़ पाएंगे जो बहुत अच्छी बात है। उन्होंने निबंधानर्थी जनता के सुविधा हेतु अपने ऐच्छिक कोश से जनता शेड बनाने का आश्वासन दिया। जिसके लिए उनके द्वारा परिसर में भूमि पूजन कर शिलान्यास किया गया। मंत्री संजय झा ने निबंधन पदाधिकारी से कहा कि इस शेड का निर्माण जल्द से जल्द पूरा कर लिया जाए। इसी क्रम में उन्होंने परिसर में वृक्षारोपण भी किया। उन्होंने कहा कि उनकी प्रयास रहेगी कि निबंधन कार्यालय बिरौल को जल्द ही अपनी जमीन और भवन मिल जाए। इस दौरान उन्होंने उक्त पुस्तकालय के लिए 15 पुस्तकें भेंट किये। निबंधन पदाधिकारी भास्कर ज्योति ने बताया कि उक्त पुस्तकालय में वर्तमान में विभिन्न तरह के करीब 700 पुस्तक के अलावा मैथिली तथा हिंदी के साहित्य अकादमी से पुरस्कृत कई पुस्तकें भी उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि निबंधन के लिए आने वाले कोई भी व्यक्ति पंजी में प्रविष्टि कर पुस्तक निकाल कर पढ़ सकते हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में पुस्तकों की संख्या बढ़ाई जाएगी तथा किसी विश्वविद्यालय के शोधार्थी अपनी आईडी कार्ड दिखाकर शोध कार्य हेतु भी पुस्तक प्राप्त कर सकते हैं। सभी लोगों के लिए पुस्तकें निःशुल्क उपलब्ध रहेंगी।इस मौके पर कातिब संघ के सचिव संतोष सुमन, विनोद यादव, देवनारायण राय,संजीव झा,बलराम कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।