नदी में डूबने से 40 वर्षीय युवक की मौत, गौरा बौराम प्रखंड के बाथ गांव के पास हुआ हादसा
नदी में डूबने से 40 वर्षीय युवक की मौत, गौरा बौराम प्रखंड के बाथ गांव के पास हुआ हादसा
नदी में डूबने से 40 वर्षीय युवक की मौत,
गौरा बौराम प्रखंड के बाथ गांव के पास हुआ हादसा
दस्तक7, अमित कुमार झा, गौराबौराम
घनश्यामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गौरा बौराम प्रखंड के बाथ गांव के पास भैंस को स्नान कराने गए एक युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहम्मद मुस्तफा के पुत्र 40 वर्षीय मुख्तार के रूप में हुई है।
हादसा कैसे हुआ
गुरुवार को मुख्तार अपने मवेशी को चारा खिलाने के बाद स्नान कराने के लिए कमला बलान नदी के किनारे ले गया। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार मुख्तार पशुपालन कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
लाश की तलाश में एनडीआरएफ
ग्रामीणों और मछुआरों ने देर शाम तक शव की तलाश की लेकिन सफलता नहीं मिली। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे एनडीआरएफ की टीम दरभंगा से मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया, हालांकि देर शाम तक भी शव बरामद नहीं हो सका था।
पंचायत प्रतिनिधि ने जताई चिंता
स्थानीय मुखिया आसिफ जमाल ने कहा कि बिरौल अनुमंडल के कई गांव नदी किनारे बसे हैं, जहां लगातार डूबने की घटनाएं हो रही हैं। ऐसे में प्रशासन को अनुमंडल स्तर पर स्थायी रूप से एनडीआरएफ की टीम तैनात करनी चाहिए ताकि समय रहते पीड़ित की जान बचाई जा सके।
एक महीने में छठी घटना
गौराबौराम प्रखंड क्षेत्र में नदी में डूबने का यह पिछले एक महीने में छठा मामला है। इसके बावजूद स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता पर ग्रामीणों में आक्रोश है।