सेवा विस्तार आदेश रद्द, सेवानिवृत्त प्राचार्य को प्रभार सौंपने का डीईओ का निर्देश

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा/

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने हुकूमदेव नारायण यादव उच्च विद्यालय, सोनकी के सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक मो. जहरुद्दीन को सख्त निर्देश दिया है कि दो दिनों के भीतर विद्यालय का संपूर्ण प्रभार वरीय शिक्षिका चंचला कुमारी को सौंप दें और इसकी सूचना कार्यालय को दें। साथ ही केनरा बैंक, लक्ष्मीसागर शाखा को भी पत्र भेजकर जहरुद्दीन के हस्ताक्षर से किसी प्रकार की निकासी पर रोक लगा दी गई है।

गौरतलब है कि जहरुद्दीन की सेवा निवृत्ति 31 मार्च 2022 को 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर हो चुकी थी, लेकिन विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति से उन्होंने नियमविरुद्ध तरीके से पाँच वर्षों का सेवा विस्तार ले लिया था। इस आदेश के खिलाफ विद्यालय के शिक्षक देव नारायण यादव ने जिला अपीलीय प्राधिकार, दरभंगा में अपील (संख्या-49/23) दायर की थी।

अपीलीय प्राधिकार ने सुनवाई के बाद 20 मार्च 2025 को सेवा विस्तार आदेश को नियमविरुद्ध बताते हुए रद्द कर दिया। इसके बावजूद जहरुद्दीन द्वारा प्रभार नहीं सौंपने पर डीईओ ने चेतावनी दी है कि आदेश का पालन न होने की स्थिति में एकतरफा कार्रवाई की जाएगी।