नेपाल में जारी विरोध-प्रदर्शन का असर अब भारत-नेपाल सीमा तक दिखने लगा है। संभावित खतरे को देखते हुए सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था और सख़्त कर दी गई है।

सीतामढ़ी के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मंगलवार की देर रात विशेष जांच अभियान चलाया गया। बेला और परिहार थाना पुलिस ने अलग-अलग इलाकों में संयुक्त अभियान चलाकर वाहनों और लोगों की गहन तलाशी ली।

परिहार थाना क्षेत्र के धरहरवा सीमा और बेला थाना क्षेत्र के उसरैना, गोरहारी, कन्हवा और भगवतीपुर सीमा चौकियों पर पुलिस और एसएसबी ने मिलकर जांच की। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई।

अधिकारियों ने बताया कि सीमा क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए एसएसबी और पुलिस का संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को समय रहते टाला जा सके।