भागलपुर जिले में मायागंज अस्पताल के फैब्रिकेटेड वार्ड में तैनात नर्सों ने तीन सूत्री मांगों को लेकर सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया। नर्सों ने सरकार पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर उनकी जायज मांगें पूरी नहीं की गईं, तो यह आंदोलन आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।

धरना में शामिल नर्स सविता कुमारी ने कहा कि हमलोगों को 13 माह का वेतन दिया जाए, पुरानी पेंशन योजना को लागू किया जाए और सेवा अवधि को बढ़ाकर 70 साल किया जाए। यह मांगें नर्सों के हित और भविष्य की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। नेता महज दो दिन के लिए मंत्री बन जाते हैं तो उनका पेंशन तुरंत लागू हो जाता है। फिर हमारी सेवा का क्या। हम दिन-रात मरीजों की सेवा करते हैं, लेकिन हमारी पेंशन और सुरक्षा की अनदेखी की जाती है। यह बेहद अन्यायपूर्ण है

उग्र आंदोलन की चेतावनी

धरना स्थल पर मौजूद अन्य नर्सों ने भी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि वेतन और पेंशन की असमानता से नर्सिंग कर्मियों में गहरी नाराजगी है। सेवा की अवधि बढ़ने से अनुभव का लाभ मरीजों को मिलेगा और अस्पतालों में प्रशिक्षित स्टाफ की कमी भी दूर होगी।

प्रदर्शन के दौरान ओपीडी और वार्ड सेवाओं पर आंशिक असर देखने को मिला, हालांकि आपातकालीन सेवाएं चालू रही। नर्सों का कहना था कि वे मरीजों की देखभाल से पीछे नहीं हटेंगी, लेकिन अपने हक के लिए आवाज उठाना भी जरूरी है। अगर सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।